Raigad Fort Astrolabe: छत्रपति शिवाजी महाराज की स्वराज्य की राजधानी रहे रायगढ़ किले पर पुरातत्व विभाग की खुदाई में एक अनमोल ऐतिहासिक खजाना मिला है. इस खोज में एक प्राचीन खगोलशास्त्रीय यंत्र ‘ऐस्ट्रोलैब’ प्राप्त हुआ है, जिसकी जानकारी भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद और छत्रपति शिवाजी के वंशज संभाजी राजे ने दी है. रायगढ़ विकास प्राधिकरण और पुरातत्व विभाग के संयुक्त प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों से किले में खुदाई का कार्य चल रहा है और इसी दौरान यह दुर्लभ यंत्र मिला.
यह ऐस्ट्रोलैब रायगढ़ किले के कुशावर्त तालाब के ऊपरी हिस्से में खुदाई के दौरान प्राप्त हुआ. विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्राचीन यंत्र का उपयोग ग्रहों की स्थिति का अध्ययन, दिशा निर्धारण और समय मापने जैसे कार्यों के लिए किया जाता था. माना जा रहा है कि 17वीं शताब्दी में खगोलशास्त्र के अध्ययन में इस यंत्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा होगा. यह खोज न केवल रायगढ़ के ऐतिहासिक महत्व को उजागर करती है, बल्कि उस समय की वैज्ञानिक प्रगति को भी दर्शाती है.
रायगढ़ किला, जो छत्रपति शिवाजी महाराज का मुख्य गढ़ था, हमेशा से इतिहासकारों और पुरातत्वविदों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है. इस किले पर समय-समय पर कई खोजें हुई हैं, लेकिन ऐस्ट्रोलैब जैसी दुर्लभ वस्तु का मिलना एक बड़ी उपलब्धि है.